जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब थाना से कुछ ही दूरी पर टिनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास फल कारोबारी कन्हैया यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।
बताया जा रहा है कि कन्हैया यादव रोज़ की तरह सुबह टहलने पहुंचे थे। ग्राउंड में योग और बातचीत के बाद जैसे ही वे अपनी बाइक पर बैठकर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी बाइक सवार अपराधी पहुंचे। एक आरोपी ने पास आकर बैग से हथियार निकाला और सिर पर सटाकर गोली दाग दी। इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई।
गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल कन्हैया यादव को तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शाम करीब 7 बजे उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी…….
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।
थाने में हंगामा, परिजनों का आक्रोश……
मौत की खबर फैलते ही परिजन और बस्तीवासी देर रात तक गोलमुरी थाना में जुटे रहे। लोगों ने जमकर आक्रोश जताया और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का आरोप है कि पूर्व में शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई. शहर के बीचों-बीच, वो भी थाना से चंद कदम की दूरी पर हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
