Israel-Iran War: अमेरिका और इज़रायल ने शनिवार को ईरान पर हमले किए, जिससे मिडिल ईस्ट में मिलिट्री टेंशन बढ़ गया, जो कई हफ़्तों से लड़ाई की कगार पर है. इज़रायल ने कहा कि US के नेतृत्व वाले ऑपरेशन ने पहले से हमले किए थे. US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने एक ‘बड़े कॉम्बैट ऑपरेशन’ की पुष्टि की क्योंकि ईरान के कई हिस्सों में धमाके सुने गए. ईरान ने जवाबी हमले में ‘करारा’ जवाब देने का दावा करते हुए इजरायल और मिडिल ईस्ट में स्थित कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. मिडिल ईस्ट के देशों ने अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं, जबकि कई देशों ने अपने नागरिकों को एडवाइजरी जारी की है, जिसमें गैर-ज़रूरी मूवमेंट से बचने के लिए कहा गया है।
https://twitter.com/i/status/2028067677239972025
वहीं, दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल ने दावा किया है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई को मारा जा चुका है. इस दावे के बाद ईरानी स्टेट मीडिया ने खामेनेई के मारे जाने की पुष्टि की है. इस युद्ध में ईरान को यमन के हुती विद्रोहियों और लेबनान के हिजबुल्ला का समर्थन मिला है, जबकि इजरायल को अमेरिका का साथ मिल रहा है. ईरान पर इजरायली और अमेरिकी मिसाइलों के हमले से बड़ी तबाही हुई है।
ईरान के मिसाइल अटैक से तिलमिलाए खाड़ी देश……
मध्य पूर्व की धरती पर बिछी युद्ध की बिसात अब अपने सबसे खूनी अंजाम की ओर बढ़ रही है. ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत और इजरायल-अमेरिका के विध्वंसक प्रहारों से तिलमिलाए ईरान ने ओमान के रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण दुकम बंदरगाह (Port of Duqm) पर हमला बोल दिया है. इस हमले के साथ ही ईरान ने ओमान तट के पास तेल टैंकरों को भी निशाना बनाया है, जिसने पूरी दुनिया की सप्लाई चेन को हिलाकर रख दिया है. खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के महासचिव जसीम मोहम्मद अल-बुदैवी ने इसे गंभीर उल्लंघन और खतरनाक उकसावा करार देते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक इमरजेंसी बैठक बुलाई है।
ओमान का दुकम बंदरगाह केवल एक व्यापारिक केंद्र नहीं है बल्कि यह अरब सागर में स्थित एक अत्यंत महत्वपूर्ण सैन्य और लॉजिस्टिक हब है. यह बंदरगाह होर्मुज जलडमरूमध्य (के बाहर स्थित है जो इसे ईरान के सीधे नियंत्रण से दूर सुरक्षित विकल्प बनाता था लेकिन ईरान ने यहां और ओमान तट के पास तेल टैंकरों को निशाना बनाकर यह संदेश दिया है कि अब कोई भी क्षेत्र सुरक्षित नहीं है. खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के महासचिव जसीम मोहम्मद अल-बुदैवी ने इस हमले को गंभीर उल्लंघन और खतरनाक उकसावा करार दिया है. उनके अनुसार, यह हमला न केवल अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है बल्कि पूरे खाड़ी क्षेत्र की स्थिरता को खतरे में डालता है. इसी तनाव के मद्देनजर गल्फ कॉर्पोरेशन काउंसिल (GCC) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक इमरजेंसी बैठक बुलाई है।
समंदर में फंसे 150 तेल टैंकर……
कच्चे तेल और उसके उत्पादों से भरे कम से कम 150 तेल टैंकर समंदर में फंस गए हैं. ये जहाज फिलहाल ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ से होकर नहीं गुजरना चाहते. जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, ये ‘वेटिंग मोड’ में खुले समुद्र में खड़े हैं।
ईरान ने तीन सदस्यीय अंतरिम नेतृत्व परिषद का गठन किया…
राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, ईरान के चीफ जस्टिस गुलाम हुसैन मोहसेनी एजेई और गार्डियन काउंसिल के विधि विशेषज्ञ अयातुल्ला अलीरेजा अराफी को तीन सदस्यीय अंतरिम नेतृत्व परिषद में सेवा देने के लिए नियुक्त किया गया है. यह परिषद स्थायी सर्वोच्च नेता की नियुक्ति होने तक उनके कर्तव्यों का निर्वहन करेगा।
एक संप्रभु देश के नेता की हत्या और सत्ता परिवर्तन के लिए उकसाना अस्वीकार्य- चीन….
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से बात की. चीन की न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक वांग यी ने कहा कि अमेरिका-ईरान वार्ता के दौरान अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले अस्वीकार्य हैं. वांग यी ने कहा कि चीन का रुख सैन्य कार्रवाई की तत्काल समाप्ति है. चीन के विदेश मंत्री ने कहा कि बीजिंग का रुख संवाद और बातचीत की ओर लौटना और एकतरफा कार्रवाइयों का संयुक्त विरोध करना है. वांग यी ने कहा कि एक संप्रभु नेता की खुलेआम हत्या और सत्ता परिवर्तन के लिए उकसाना अस्वीकार्य है।
भारतीय नाविकों और मैरीटाइम सेक्टर के लिए एडवाइजरी जारी…..
ईरान में बदलती स्थिति को देखते हुए भारतीय नाविकों और मैरीटाइम सेक्टर से जुड़े स्टेकहोल्डर्स के लिए एक एडवाइजरी जारी की गई है. नौवहन महानिदेशालय (Directorate General of Shipping) ने भारतीय नाविकों को सतर्क रहने, विदेश मंत्रालय और तेहरान स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने और इस क्षेत्र में परिचालन के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है. साथ ही, स्टेकहोल्डर्स से अनुरोध किया गया है कि वे भारतीय क्रू मेंबर्स की सुरक्षा और स्थिति पर करीबी नजर रखें व इससे संबंधित आवश्यक जानकारी मिनिस्ट्री ऑफ पोर्ट्स, शिपिंग एंड वाटरवेज के साथ साझा करें।
दुख की घड़ी में पाकिस्तान ईरान के साथ खड़ा है’, बोले PAK पीएम शहबाज….
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि ‘पाकिस्तान सरकार और वहां के लोग इस दुख की घड़ी में ईरान की जनता के साथ खड़े हैं और अयातुल्लाह अली खामेनेई की शहादत पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.’ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन पर चिंता जताते हुए कहा कि यह पुरानी परंपरा रही है कि किसी भी देश के राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
पुतिन ने खामेनेई की मौत पर जताया शोक…..
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान को सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या पर शोक संवेदना व्यक्त की. रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि खामेनेई की हत्या करने वालों ने मानवीय नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय कानून के सभी मानदंडों का उल्लंघन किया है।
इजरायल ने 40 ईरानी सैन्य कमांडर्स को मारने का किया दावा….
ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की इजरायली हमले में मौत के बाद दोनों देशों के बीच युद्ध और तेज हो गया है. तेहरान में इजरायल की बमबारी जारी है. इजरायल ने ईरान के 40 बड़े सैन्य कमांडर्स को मार गिराने का दावा किया है. कुछ देर पहले, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी तेहरान के दो प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ईरानी राजधानी में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई. पूर्वी तेहरान के एक सूत्र ने बताया कि धमाके कल से भी ज्यादा भयानक थे और साथ ही कहा, ‘मेरा पूरा कमरा हिल रहा था.’ ईरानी मीडिया ने भी तेहरान के विभिन्न हिस्सों में हुए धमाकों की खबर दी है।
जंग के वक्त देश का प्रशासन बिना किसी रुकावट के चलता रहे’,….
ईरान के वाइस प्रेसिडेंट सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के वाइस प्रेसिडेंट अली आरिफ ने मंत्रियों और गवर्नरों को यह पक्का करने का आदेश दिया है कि जंग के वक्त देश का प्रशासन बिना किसी रुकावट के चलता रहे. यह निर्देश चल रहे मिलिट्री टकराव और राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों के बीच बिना रुकावट के शासन और सार्वजनिक सेवाओं की ज़रूरत पर ज़ोर देता है।
IDF ने तेहरान में बड़े पैमाने पर एयर फ़ोर्स के हमलों का जारी किया फुटेज…..
इज़राइल डिफेंस फोर्सेज़ ने कहा कि उसने तेहरान में इज़रायली एयर फ़ोर्स के बड़े पैमाने पर हमलों का फुटेज जारी किया है. बयान के मुताबिक, वीडियो में कुछ मिनट पहले राजधानी में ईरानी आतंकी शासन के हेडक्वार्टर पर किया गया हमला दिखाया गया है।
अबू धाबी के एतिहाद टावर्स पर ड्रोन का मलबा, महिला और बच्चे को आईं चोटें…..
अबू धाबी सरकार के मीडिया ने कहा कि एक इंटरसेप्टेड ड्रोन का मलबा अबू धाबी के एतिहाद टावर्स पर गिरने से एक महिला और एक बच्चे को मामूली चोटें आईं. अधिकारियों ने कन्फर्म किया कि एयर डिफेंस के इंटरसेप्शन के बाद चोटें आईं, लेकिन अभी और कोई जानकारी नहीं है।
ईरान के ब्रॉडकास्टिंग कॉम्पलेक्स पर हमला…..
इजरायल ने तेहरान में एक के बाद एक धमाके किए हैं. ईरान के ब्रॉडकास्टिंग कॉम्पलेक्स पर इजरायल ने बम गिराया है, जिसके बाद पूरे आसमान में धुएं का गुबार देखने को मिला।
तेहरान में तेज हुए इजरायली हमले…
ईरान की सरकारी IRNA न्यूज़ एजेंसी ने तेहरान में मिसाइल और हवाई हमलों की वजह से हुए ‘भयानक धमाकों’ की खबर दी है, जिसमें सैय्यद खानदान और कसर चौराहों के आसपास, साथ ही वनक स्क्वायर और मोताहारी स्ट्रीट भी शामिल हैं. ये खबरें इज़राइली सेना के इस ऐलान के कुछ ही समय बाद आई हैं कि उसने ‘राजधानी के बीचों-बीच’ पर एक बड़ा हवाई हमला किया है और जानकारी का इंतज़ार है।
ईरान पर ट्रंप-इज़राइल के हमले पूरी तरह से निंदनीय…’, बोले असदुद्दीन ओवैसी…..
ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिका और इजरायल की कड़ी निंदा की है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “ईरान पर ट्रंप-इज़राइल के हमले पूरी तरह से निंदनीय हैं. यह तब हुआ, जब जिनेवा में ईरान-US बातचीत चल रही थी. पूरे ईरान में 200 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं, जिनमें 108 लोग तब मारे गए जब लड़कियों के स्कूल पर हमला हुआ. अयातुल्ला खामेनेई की हत्या एक गलत और गैर-कानूनी काम है. मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईरान पर ये हमले जल्द से जल्द बंद होने चाहिए, नहीं तो पूरा इलाका अस्थिरता में फंस जाएगा. हमें याद रखना चाहिए कि इस इलाके में 10 मिलियन भारतीय काम करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि ईरान पर इज़राइल का हमला और अफ़गानिस्तान पर पाकिस्तान का हमला हमें दिखाता है कि इज़राइल और पाकिस्तान अपने-अपने पड़ोस में हमला करने वाली और शरारत करने वाली ताकतें हैं।
ओवैसी ने इस पोस्ट में कुछ शेर भी लिखे……
मौत की लेकिन दिल-ए-दाना को कुछ परवा नहीं
शब की खामोशी में जुज़ हंगामा-ए-फर्दा नहीं
मौत को समझे हैं ग़ाफ़िल इख़्तियार-ए-ज़िंदगी
है ये शाम-ए-ज़िंदगी सुबह-ए-दवाम-ए-ज़िंदगी
तथाकथित नेताओं ने सॉवरेन देश के लीडरशिप की हत्या…’, खामेनेई की मौत पर प्रियंका गांधी
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने खामेनेई की मौत के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में इसे हत्या बताते हुए निंदा की है. उन्होंने लिखा, “डेमोक्रेटिक दुनिया के तथाकथित नेताओं द्वारा एक सॉवरेन देश के लीडरशिप की टारगेटेड हत्या और बहुत सारे बेगुनाह लोगों की हत्या घिनौनी है और इसकी कड़ी निंदा होनी चाहिए, चाहे इसका कारण कुछ भी बताया गया हो. यह दुख की बात है कि अब कई देश लड़ाई में घसीटे जा रहे हैं.” उन्होंने आगे कहा कि दुनिया को शांति चाहिए, और फालतू की लड़ाइयों की नहीं। जो लोग इसकी ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें महात्मा गांधी की बातें याद रखनी चाहिए: आंख के बदले आंख पूरी दुनिया को अंधा बना देती है। प्रियंका गांधी ने लिखा, “मुझे उम्मीद है कि इज़राइल के प्रधानमंत्री और प्रेसिडेंट ट्रंप के सामने झुकने के बाद, हमारे प्रधानमंत्री प्रभावित देशों में सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित घर वापस लाने की पूरी कोशिश करेंगे।
