कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने चंदवारा थाना में पदस्थापित दरोगा पवन कुमार राम को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, दरोगा पवन कुमार राम ने एक मामले को रफा-दफा करने के लिए पीड़ित प्रेमचंद नायक से एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। लगातार दबाव और परेशानी से तंग आकर पीड़ित ने इसकी शिकायत हजारीबाग स्थित एसीबी कार्यालय में कर दी। शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए ट्रैप की योजना बनाई।
बताया जाता है कि गुरुवार को एसीबी की टीम पहले से ही चंदवारा थाना के आसपास जाल बिछाकर तैनात थी। जैसे ही पीड़ित ने दरोगा को रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर 15 हजार रुपये दिए, एसीबी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने दरोगा के हाथ केमिकल युक्त पानी से धुलवाए, जिसमें पानी लाल हो गया। इससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दरोगा को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
अब एसीबी की टीम आरोपी दरोगा को हजारीबाग स्थित एसीबी की विशेष अदालत में पेश करेगी, जहां उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और मामले की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
