जमशेदपुर : बर्मामाइंस इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां एक कार ने तीन साल के मासूम को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मृत बच्चा बर्मामाइंस स्टार टॉकीज के पास रहने वाला तीन वर्षीय आरुष था। वह अपनी मां के साथ अपने बड़े भाई को लेने के लिए गया था और वहीं खड़ा होकर इंतजार कर रहा था। इसी दौरान अचानक एक कार वहां से गुजरी और मासूम को उस कार के चपेट में आ गया। इस घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार वाले और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तुरंत टीएमएच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद मासूम ने दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल कार टुइलाडुंगरी गोलमुरी निवासी जसप्रीत सिंह चला रहा था, जो डिफेंस में कार्यरत है। वह अपने पिता परमजीत सिंह की कार लेकर जा रहा था। इसी दौरान बच्चा अचानक कार की चपेट में आ गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पूरी घटना पास की एक बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है, जिसका फुटेज सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
