रांची : राजधानी रांची के रिंग रोड पर मंगलवार को एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता से कार में सवार दोनों लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क से गुजर रहे लोगों ने कार के इंजन से धुआं और आग की लपटें उठती देख तुरंत शोर मचाकर अंदर बैठे लोगों को सतर्क किया। इसके बाद चालक ने तुरंत वाहन रोका और दोनों सवार फौरन कार से बाहर निकल गए।


घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती गई और देखते ही देखते पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। कुछ ही देर में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई. बताया जा रहा है कि कार में दो लोग सवार थे, जो जमशेदपुर से रांची की ओर आ रहे थे। जैसे ही वाहन लदनापीढ़ी के पास पहुंचा, तभी अचानक इंजन में आग लग गई, जो धीरे-धीरे विकराल रूप लेती चली गई. गनीमत रही कि समय रहते सवार वाहन से बाहर निकल गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। उल्लेखनीय है कि गर्मी के मौसम में वाहनों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। पिछले कुछ वर्षों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनमें कई बार लोग झुलसने के शिकार भी हुए हैं।

