- कोलकाता पुलिस ने पार्क सर्कस सात-बिंदु (7-Point) चौराहे पर किया घटना का पुनर्निर्माण।
- मामले में गिरफ्तार चार मुख्य आरोपियों को भारी सुरक्षा के बीच मौके पर लाया गया।
- सुरक्षाकर्मियों पर हमले के मामले में शहर का यह पहला केस, जिसमें सीन रिक्रिएट किया गया है।
कोलकाता : पार्क सर्कस इलाके में सुरक्षाकर्मियों पर हुए हिंसक पथराव के मामले में कोलकाता पुलिस ने आज एक बड़ा कदम उठाया। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम आज ‘पार्क सर्कस सात-बिंदु चौराहे’ पहुंची और पूरे क्राइम सीन को रिक्रिएट (घटना का पुनर्निर्माण) किया। इस प्रक्रिया के दौरान मामले में गिरफ्तार किए गए चार मुख्य आरोपियों को भी कड़े सुरक्षा घेरे में घटनास्थल पर लाया गया था। पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की मौजूदगी में यह समझने की कोशिश की कि उस दिन हिंसा की शुरुआत कैसे हुई, पथराव किस दिशा से किया गया और सुरक्षा बलों को किस तरह निशाना बनाया गया।



शहर का यह पहला मामला
वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षाकर्मियों पर हुए हमले और हिंसा के मामलों में कोलकाता पुलिस के इतिहास का यह ऐसा पहला मामला है, जिसमें जांच के लिए बाकायदा ‘क्राइम सीन रिक्रिएट’ किया गया है। पुलिस इस वैज्ञानिक और व्यावहारिक जांच के जरिए अदालत में आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत पेश करना चाहती है।
अधिकारियों का बयान :
“इस रिक्रिएशन का मकसद घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ना और मौके पर मौजूद गवाहों के बयानों का मिलान करना है, ताकि चार्जशीट को कानूनी रूप से बेहद मजबूत बनाया जा सके।”



