एक शूटर अब भी फरार, आइटेन कार के साथ रेकी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त
जमशेदपुर : कदमा के होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। अनुसंधान में सामने आया है कि निखार की हत्या की साजिश काफी पहले रची गयी थी। हत्या से कुछ दिन पहले यूपी से तीन शूटर जमशेदपुर पहुंचे थे। तीनों ने निखार की गतिविधियों और आने-जाने वाले रास्तों की रेकी भी की थी, लेकिन हत्या के लिए अनुकूल मौका नहीं मिलने के कारण वे वारदात को अंजाम दिये बिना ही वापस लौट गये. इसके बाद साजिशकर्ताओं ने एक बार फिर निखार की हत्या के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी दी। सुपारी मिलने के बाद यूपी से दो शूटर जमशेदपुर पहुंचे। दोनों ने कई दिनों तक निखार की रेकी की और मौका मिलते ही 24 अगस्त को होटल टेंथ माइल स्टोन में घुसकर निखार की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, निखार को गोली मारने वाले दोनों शूटर यूपी के रहने वाले हैं।

यूपी से एक, मध्यप्रदेश से दूसरा शूटर गिरफ्तार…….
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, निखार हत्याकांड में अब तक कुल सात अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें एक शूटर को यूपी से और दूसरे को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। वहीं, जमशेदपुर पुलिस और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हत्याकांड में शामिल एक शूटर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
शूटरों के लिए खरीदी गयी थी आइटेन कार और बाइक……
जांच में यह भी पता चला है कि हत्याकांड को अंजाम देने के लिए शूटरों के लिए आइटेन कार के साथ एक बाइक भी खरीदी गयी थी। पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है। बताया जा रहा है कि निखार की रेकी के दौरान शूटरों ने इसी बाइक का इस्तेमाल किया था. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। पूछताछ में हत्याकांड की साजिश, सुपारी की रकम, शूटरों तक पहुंच और वारदात में शामिल लोगों को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आयी हैं। हालांकि, पुलिस फिलहाल मामले से जुड़ी किसी भी जानकारी को सार्वजनिक करने से बच रही है।
हत्या के पीछे की वजह और साजिशकर्ताओं तक पहुंची पुलिस……
पुलिस सूत्रों की मानें तो अनुसंधान के दौरान यह भी स्पष्ट हो गया है कि निखार सबलोक की हत्या क्यों करायी गयी और इस पूरी साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस की टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड का जल्द ही पूरी तरह उद्भेदन किया जायेगा। फरार शूटर की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
11 गोलियां मारकर की गयी थी निखार की हत्या……
24 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे कारोबारी निखार सबलोक की एनएच-33 स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। अपराधियों ने निखार पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए 11 गोलियां मारी थीं. वारदात के बाद दोनों शूटर बिना किसी घबराहट के होटल से बाहर निकले। होटल के बाहर निखार के साथी उनका इंतजार कर रहे थे। शूटरों ने वहां भी फायरिंग की और इसके बाद कार में सवार होकर फरार हो गये. हत्याकांड के बाद से ही पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही थी। अब सात आरोपियों की गिरफ्तारी और शूटरों तक पहुंचने के बाद पुलिस के हाथ हत्याकांड की साजिश से जुड़े कई अहम सुराग लग चुके हैं।
