जमशेदपुर : भुइयांडीह स्थित गैलेक्सी कंपनी में हाल ही में हुए भीषण ब्लास्ट के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ग्रामीणों ने कंपनी के मुख्य गेट को जाम कर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी में हुए विस्फोट के कारण कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से कुछ की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। इसके बावजूद कंपनी प्रबंधन की ओर से पीड़ित मजदूरों और उनके परिजनों को पर्याप्त सहायता एवं उचित मुआवजा नहीं दिया गया है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हादसे के बाद से प्रभावित परिवारों में भय और असंतोष का माहौल है। उनका आरोप है कि कंपनी प्रबंधन सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर नहीं है, जिसके कारण इतनी बड़ी दुर्घटना हुई। ग्रामीणों ने घायल मजदूरों के समुचित इलाज, उचित मुआवजा, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
गेट जाम के कारण कंपनी के अंदर-बाहर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक आंदोलन जारी था और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कंपनी प्रबंधन और प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेते, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। वहीं पूरे मामले पर कंपनी प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
