गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराने वाले एक कथित रैकेट का पर्दाफाश किया है। पचंबा थाना क्षेत्र के बोडो इलाके में हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग जुड़वां बहनों को सुरक्षित बरामद किया, जबकि मामले की कथित मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।



पुलिस के अनुसार आरोपी महिला गांव की गरीब और भोली-भाली लड़कियों को नौकरी और काम दिलाने का झांसा देकर शहर लाती थी। इसके बाद उन्हें बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार में धकेला जाता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब दोनों नाबालिग लड़कियों ने किसी तरह मौका पाकर पुलिस को फोन कर मदद मांगी।
फोन कॉल मिलते ही हरकत में आई पुलिस…..
जानकारी के मुताबिक दोनों लड़कियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें जबरन एक मकान में बंद कर रखा गया है और गलत काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल बोडो इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों नाबालिगों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया।
फरार आरोपी महिला सिरसिया से गिरफ्तार…..
पुलिस छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी। हालांकि बाद में पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर उसे सिरसिया इलाके से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।
जुड़वां बहनों ने सुनाई आपबीती……
बरामद लड़कियों ने पुलिस को बताया कि वे जुड़वां बहनें हैं और उन्हें काम दिलाने के बहाने गिरिडीह लाया गया था। यहां लाने के बाद उनसे जबरदस्ती देह व्यापार कराया जाने लगा। लड़कियों के अनुसार जब उन्होंने घर वापस जाने की बात कही तो आरोपी महिला ने उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी दी। इसके बाद किसी तरह मौका मिलते ही उन्होंने पुलिस को फोन कर मदद मांगी।
नौकरी का झांसा देकर फंसाई जाती थीं लड़कियां……
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला अन्य लड़कियों को भी नौकरी और बेहतर कमाई का लालच देकर शहर लाती थी। विरोध करने पर लड़कियों को प्रताड़ित किया जाता था और उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया जाता था। पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिग करीब 15 दिनों से बोडो इलाके में रखी गई थीं और उनसे जबरन गलत काम करवाया जा रहा था।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस…..
पचंबा थाना पुलिस ने बताया कि मामले में एक महिला को हिरासत में लिया गया है तथा पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे गिरोह और उसके संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।



