जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। डैमडूबी इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एक कर्मी को निशाना बनाते हुए उससे करीब डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी कर दी। हालांकि कर्मी बाल-बाल बच गया।



जानकारी के अनुसार पीड़ित नरन भगत माइक्रो फाइनेंस कंपनी के लिए विभिन्न क्षेत्रों से लोन की राशि कलेक्ट कर परडीह की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने डैमडूबी में उसे रोक लिया। बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। जब नरन भगत ने विरोध किया तो एक अपराधी ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली चलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
बताया जा रहा है कि गोली चलने के दौरान नरन भगत झुक गया, जिससे उसकी जान बच गई। अपराधी उसके पास से डेढ़ लाख रुपये, टैब और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बाइक से तेजी से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने एक बार फिर पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि माइक्रो फाइनेंस कर्मी से करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट हुई है। विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग की, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
