जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित कालीमाटी के स्काईलॉन होटल में गुरुवार की शाम पुलिस द्वारा की गई जांच के बाद इलाके में कुछ देर के लिए हलचल मच गई। पुलिस होटल में ठहरे रांची निवासी तीन युवकों को पूछताछ के लिए थाना ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार, पूछताछ के लिए ले जाए गए युवकों की पहचान लिंडा, सोनू और बिट्टू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों रांची के रातू थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और पिछले लगभग तीन महीने से होटल के कमरा संख्या 201 एवं 202 में ठहरे हुए थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से होटल में ठहरने तथा उनकी गतिविधियों को लेकर संदेह उत्पन्न होने पर गोलमुरी थाना पुलिस ने होटल पहुंचकर जांच की। इस दौरान दोनों कमरों की तलाशी ली गई तथा आवश्यक पूछताछ के बाद तीनों युवकों को थाना लाया गया. पुलिस होटल प्रबंधन से भी ठहराव से संबंधित दस्तावेज, पहचान पत्र, एंट्री रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि तीनों किस उद्देश्य से जमशेदपुर आए थे, इतने लंबे समय तक होटल में क्यों रुके और इस दौरान उनकी गतिविधियां क्या रहीं।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं तीनों का किसी आपराधिक अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधि से कोई संबंध तो नहीं है। हालांकि, अब तक किसी भी प्रकार की आपराधिक संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न तो किसी प्राथमिकी दर्ज होने की सूचना है और न ही किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक घोषणा की गई है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ, दस्तावेजों के सत्यापन और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला केवल सामान्य सत्यापन का है या इसके पीछे कोई अन्य तथ्य सामने आता है।
क्या बोले थाना प्रभारी
इस संबंध में जब गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा, “ऐसा कुछ नहीं है। कोई विशेष बात नहीं है। नियमित जांच और सत्यापन की प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई थी। फिलहाल मामला सामान्य है।”
