जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी इलाके में एक दुकान में कार्यरत युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने दुकान संचालक संजय अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



मामले में पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। युवती ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि दुकान संचालक लंबे समय से उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास कर रहा था। उसने बताया कि आरोपी की हरकतों का वह लगातार विरोध करती रही, लेकिन इसके बावजूद आरोपी अपनी गतिविधियों से बाज नहीं आया।
पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा जातिसूचक गालियां भी दीं। घटना से आहत युवती ने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. सीतारामडेरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



