जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह स्थित एक बहुमंजिला इमारत में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। लिफ्ट गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल की पहचान जुगसलाई निवासी रुकसाना (45) के रूप में हुई है, जिनका इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में चल रहा है।



जानकारी के अनुसार, रुकसाना धातकीडीह स्थित हुसैन बिल्डिंग के एक फ्लैट में घरेलू कार्य करने जाती थीं। शुक्रवार दोपहर वह रोज की तरह काम पर पहुंचीं और लिफ्ट के माध्यम से ऊपर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक लिफ्ट में खराबी आ गई और वह नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. तेज आवाज सुनकर बिल्डिंग के लोग और आसपास के स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और घायल महिला को बाहर निकालकर तत्काल टीएमएच पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। फिलहाल उन्हें सीसीयू में रखकर चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से जानकारी ली। पुलिस लिफ्ट गिरने के कारणों की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के चलते हादसा हुआ या रखरखाव में लापरवाही बरती गई। बिल्डिंग प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है. इस घटना के बाद बिल्डिंग में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने लिफ्ट की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के पालन की मांग की है।
