गुमला : झारखंड के गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में शुक्रवार अहले सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बोडोटोली बगीचा के समीप एक 15 वर्षीय छात्र हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने लगा। समय रहते पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता तथा तत्परता से उसकी जान बचा ली गई। छात्र को सुरक्षित नीचे उतारकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भरनो में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल छात्र की पहचान मलगो बरटोली निवासी नंदू उरांव के 15 वर्षीय पुत्र मनीष उरांव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मनीष गुरुवार शाम बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। देर शाम उसे बोडोटोली गांव की एक दुकान के पास देखा गया था. बताया जाता है कि देर रात उसका एक मित्र उसे बोडोटोली बगीचा के समीप छोड़कर इस उम्मीद में चला गया कि वह अपने घर लौट जाएगा। लेकिन मनीष घर नहीं पहुंचा और रातभर वहीं आसपास रुका रहा। शुक्रवार सुबह वह हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या का प्रयास करने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही भरनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद छात्र को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भरनो ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है. फिलहाल छात्र द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा परिजनों से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।
