डुमरी : डुमरी प्रखंड के असुरबांध निवासी जितेंद्र महतो का परिवार इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। जितेंद्र महतो की मां लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। बीमारी के इलाज में लगातार हो रहे खर्च के कारण परिवार के सामने आर्थिक परेशानी भी बढ़ती जा रही थी।

परिवार की परेशानी की जानकारी मिलने पर मंगलवार को डुमरी विधायक जयराम महतो एवं जेएलकेएम केंद्रीय उपाध्यक्ष युवा मोर्चा राहुल महतो के सहयोग से पीड़ित परिवार को ₹5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस दौरान विधायक एवं राहुल महतो ने परिवार का हाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा. मौके पर समाजसेवी शिबू कुमार रजक भी मौजूद रहे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा समाज के सक्षम लोगों से भी जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
आर्थिक सहायता मिलने के बाद जितेंद्र महतो भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “विधायक जी हमारे लिए भगवान से कम नहीं हैं।” उन्होंने विधायक जयराम महतो, राहुल महतो और समाजसेवी शिबू कुमार रजक के प्रति आभार जताया. परिवार ने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधियों और समाज के सहयोग से उनकी मां के इलाज में कुछ राहत मिल सकेगी।
