झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र में नवविवाहिता और कथित प्रेमी का वीडियो वायरल होने के बाद अब मामले में नया मोड़ आ गया है। वायरल वीडियो में दावा किया गया था कि पति और ससुराल वालों ने दुल्हन को उसके कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था। इसके बाद भीड़ के सामने कथित प्रेमी से महिला की सात बार मांग भरवाने और दोनों को माला पहनाने का दृश्य सामने आया था। अब महिला ने कैमरे के सामने आकर पूरे घटनाक्रम को अपने खिलाफ रची गई साजिश बताया है।

थार की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप……
महिला के मुताबिक, उसकी शादी 25 जून को चिरगांव निवासी युवक से हुई थी। उसका आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर सास और ननद ने उसके जेवर छीन लिए और मारपीट की। महिला ने दावा किया कि पति और ससुराल वाले दहेज में थार गाड़ी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर दूसरी शादी करने और तलाक देने की धमकी भी दी जाती थी।
जेठ पर गंभीर आरोप……
महिला ने अपने जेठ पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके मुताबिक, उसे दबाव में लेकर मायके के मोहल्ले में रहने वाले राहुल नामक युवक को घर बुलाने के लिए मजबूर किया गया। महिला का दावा है कि राहुल उसका प्रेमी नहीं, बल्कि केवल परिचित था। उसके घर पहुंचने के बाद दोनों के साथ मारपीट की गई और उनके कपड़े उतरवाए गए. महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसके साथ जबरदस्ती की गई और पूरे घटनाक्रम को प्रेम-प्रसंग का रूप देने के लिए कथित तौर पर मांग भरवाने और माला पहनाने का वीडियो बनाया गया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वायरल ऑडियो को बताया AI से तैयार…….
सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो को लेकर महिला ने दावा किया कि उसमें उसकी आवाज AI तकनीक से तैयार की गई है। उसका आरोप है कि पुलिस ने उसके भाई को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी, जिसके दबाव में उसे पुलिस के सामने कथित तौर पर मनचाहा बयान देना पड़ा. फिलहाल महिला और उसके पिता अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। वायरल वीडियो, ऑडियो और दोनों पक्षों के परस्पर विरोधी आरोपों के बीच पूरे मामले की निष्पक्ष जांच अहम हो गई है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
