सरायकेला-खरसावां : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 17 स्थित मेडिट्रिना अस्पताल में इलाज के दौरान एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी की मौत के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। घटना से आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही एवं गलत इलाज का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में काफी देर तक विरोध-प्रदर्शन किया, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सीनी निवासी 60 वर्षीय एन. गोविंद राव के रूप में हुई है, जो रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार देर रात उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल मेडिट्रिना अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों के अनुसार अस्पताल में भर्ती होने के बाद सोमवार सुबह तक उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही थी। इसी बीच सोमवार को लगभग 11 बजे चिकित्सकों द्वारा उनका ऑपरेशन किया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और दोपहर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों की लापरवाही एवं उचित उपचार के अभाव में एन. गोविंद राव की जान गई। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा इलाज के नाम पर अत्यधिक राशि वसूली जा रही थी।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
