आज के दौर में दिल की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। पहले जहां हार्ट अटैक को बढ़ती उम्र की बीमारी माना जाता था, वहीं अब कम उम्र के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। विशेषज्ञ इसकी सबसे बड़ी वजह खराब लाइफस्टाइल और गलत खान-पान को मानते हैं। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि खतरा कई बार हमारे अपने किचन में ही छुपा होता है।



हाल ही में World Health Organization (WHO) की एक रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि कुछ तरह के कुकिंग ऑयल और फैट का ज्यादा इस्तेमाल दिल की सेहत के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। इन तेलों में मौजूद ट्रांस फैट (Trans Fat) धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाता है और दिल की गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
क्यों खतरनाक है ट्रांस फैट?……
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार ट्रांस फैट शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) को तेजी से बढ़ाता है और गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) को कम कर देता है। इसके कारण धमनियों की दीवारों पर फैट जमा होने लगता है, जिससे ब्लॉकेज की समस्या पैदा हो जाती है।
जब धमनियों में ब्लॉकेज बढ़ता है तो अचानक हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। WHO की रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर में हर साल लाखों मौतों के पीछे ट्रांस फैट एक बड़ी वजह बन रहा है।
इन तेलों से बनाएं दूरी……..
रिपोर्ट में कुछ ऐसे तेल और फैट बताए गए हैं जिनका ज्यादा सेवन दिल के लिए नुकसानदायक हो सकता है—
वनस्पति घी (Vanaspati Ghee) – सस्ता होने की वजह से ज्यादा इस्तेमाल होता है, लेकिन इसमें ट्रांस फैट बहुत अधिक होता है। मार्जरीन (Margarine) – बेकरी और पैकेज्ड फूड में इस्तेमाल, धमनियों को सख्त कर सकता है. पाम ऑयल (Palm Oil) – इसमें करीब 44% सैचुरेटेड फैट होता है, जो बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ाता है. बार-बार गर्म किया हुआ तेल – इससे जहरीले तत्व बन जाते हैं जो शरीर और दिल को नुकसान पहुंचाते हैं।
दिल को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये तेल…..
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सही कुकिंग ऑयल का चुनाव किया जाए तो दिल को काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
स्वास्थ्य के लिए बेहतर माने जाने वाले तेल हैं…….
सरसों का तेल (Mustard Oil)
मूंगफली का तेल (Peanut Oil)
तिल का तेल (Sesame Oil)
जैतून का तेल (Olive Oil)
ये तेल शरीर को जरूरी पोषक तत्व देते हैं और दिल को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
छोटी सावधानी, बड़ी सुरक्षा…..
डॉक्टरों का कहना है कि अगर लोग अपनी रोजमर्रा की डाइट में थोड़े-से बदलाव करें, ट्रांस फैट से बचें और हेल्दी ऑयल का इस्तेमाल करें, तो दिल की बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।
