झारखंड : धनबाद पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के बड़बाद जंगल मेन रोड के पास से 400 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने बिहार के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 वर्षीय ललन कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक सवारी ऑटोरिक्शा और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।



मामले की जानकारी देते हुए ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वाहन जांच अभियान के दौरान गोविंदपुर की ओर से आ रहे एक ऑटोरिक्शा को रुकने का संकेत दिया गया था। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ऑटोरिक्शा की सीट के नीचे शातिराना तरीके से छिपाकर रखी गई 400 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह झारखंड से शराब की खेप लेकर बिहार में बेचने जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पूर्वी टुंडी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद शराब और वाहन की जांच की जा रही है, वहीं तस्करी नेटवर्क और आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।धनबाद पुलिस के अनुसार बिहार की ओर अवैध शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए हाईवे और सीमा क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है तथा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



