जमशेदपुर : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करने, सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को बचाने तथा सभी छात्र-युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को साकची गोलचक्कर में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) के बैनर तले विरोध सभा आयोजित की गई। यह कार्यक्रम संगठन द्वारा देशव्यापी साप्ताहिक मांग दिवस के तहत आयोजित किया गया।



सभा को संबोधित करते हुए AIDSO के प्रदेश सचिव सोहन महतो ने कहा कि पिछले कई वर्षों से NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो देश के छात्रों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकारें सरकारी स्कूलों और कॉलेजों को कमजोर कर रही हैं तथा विभिन्न शैक्षणिक विभागों को बंद किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर करोड़ों छात्र-युवा हर वर्ष बेरोजगार हो रहे हैं। इसके बावजूद केंद्र और राज्य सरकारें पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रही हैं।
सोहन महतो ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में छात्रों का सड़क पर उतरकर आंदोलन करना मजबूरी बन गया है। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से पूरे देश में एक सप्ताह तक तीन प्रमुख मांगों को लेकर स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इन मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है, तो आने वाले दिनों में राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ व्यापक छात्र आंदोलन चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष रिंकी बंसियार, सचिव मंडली सदस्य प्रदीप यादव, खुशबू कुमारी, सोनी सेन गुप्ता और सविता सोरेन सहित प्रेम, बबीता सोरेन, खुदीराम, राजेश, अपूर्व महतो, रीमा मुंडा, अनिकेत, अभीक, रोहित, मनीष समेत कई छात्र-युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।



