जमशेदपुर : नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी (एनएसयू) के रोटारेक्ट क्लब की ओर से वार्षिक पुरस्कार समारोह “द लास्ट फॉल इन” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य रोटरी वर्ष 2025-26 के दौरान क्लब सदस्यों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों और सामाजिक योगदान को सम्मानित करना था। कार्यक्रम क्लब अध्यक्ष रोटारेक्टर आनंद राज सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ।



समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान, दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना की सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोटेरियन कृष्ण खरिया तथा विशिष्ट अतिथि रोटेरियन जितेश चौधरी उपस्थित रहे। इसके अलावा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार नागेंद्र कुमार सिंह, डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. राकेश कुमार, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की अध्यक्ष दीपिका कुमारी तथा क्लब मॉडरेटर अभिनव कुमार ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
अपने संबोधन में रजिस्ट्रार नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के वर्षभर के परिश्रम और उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए इस तरह के आयोजन आवश्यक हैं। उन्होंने घोषणा की कि यह कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिल सके। अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
समारोह के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। रोटारेक्टर ऑफ द टेन्योर का पुरस्कार शुभो पात्रा, बेस्ट परफॉर्मर ऑफ द ईयर का सम्मान शिबांश महापात्रा, बेस्ट टीम प्लेयर का पुरस्कार श्रुति शर्मा तथा फाइनेंशियल एक्सीलेंस अवार्ड नूर अफ़शां को प्रदान किया गया। वहीं द लेगेसी ऑफ गाइडेंस अवार्ड से क्लब मॉडरेटर अभिनव कुमार को सम्मानित किया गया। एक्सीलेंस इन सपोर्ट अवार्ड प्रतीक झा एवं राज विवेक यादव को संयुक्त रूप से दिया गया. इसके अलावा क्लब के दस सक्रिय सदस्यों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘रोटारेक्टर ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से नवाजा गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें क्लब की सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और फेलोशिप की भावना को रेखांकित किया गया।



