जमशेदपुर : विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) जमशेदपुर महानगर की जिला बैठक रविवार को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विहिप झारखंड प्रांत के संगठन मंत्री चितरंजन विशेष रूप से रांची से पहुंचकर शामिल हुए और संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।



बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन ने संगठन के विस्तार, जिला एवं नगर स्तर पर समितियों के गठन तथा कार्यकर्ताओं के गुणात्मक विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए नियमित अभ्यास वर्ग एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन आवश्यक है। साथ ही विहिप और बजरंग दल के प्रत्येक कार्यकर्ता को समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिलामंत्री चंद्रिका ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि बजरंग दल के नेतृत्व में 8 जुलाई से 14 जुलाई तक पूरे जमशेदपुर में ‘सेवा सप्ताह’ मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न नगरों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा तथा जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 17 एवं 18 जुलाई को लोहरदगा में आयोजित होने वाली विहिप की प्रांतीय बैठक में जमशेदपुर महानगर समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके अलावा अगस्त माह में 8 से 15 अगस्त के बीच बजरंग दल के नेतृत्व में जिला स्तरीय ‘रन फॉर हेल्थ’ एवं ‘रन फॉर वंदे मातरम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जाएगा।
बैठक में प्रांत मातृशक्ति सत्संग टोली प्रमुख कुंती भारती, प्रांत मातृशक्ति बाल संस्कार केंद्र प्रमुख सविता सिंह, विभाग मंत्री अरुण सिंह, जिला उपाध्यक्ष गोपीराव राव, सहमंत्री भोला लोहार एवं उत्तम कुमार दास, बजरंग दल संयोजक चंदन दास, प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रदीप सिंह, कोषाध्यक्ष दीपक वर्मा, सेवा प्रमुख जितेंद्र प्रमाणिक, सह प्रमुख संतोष वर्मा, सत्संग प्रमुख रितेश ओझा, मानगो प्रखंड अध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव, जुगसलाई प्रखंड अध्यक्ष अमित शारदा सहित विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।



