जमशेदपुर : भाजपा नेता धीरज पासवान ने डबल डाउन बार कांड में घायल हिमांशु सिंह की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक युवक की मौत नहीं, बल्कि झारखंड की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की लापरवाही का दुखद उदाहरण है. उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय रहते गंभीरता दिखाती और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती, तो शायद आज हिमांशु सिंह हमारे बीच होते। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं यह साबित करती हैं कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जबकि आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है. धीरज पासवान ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। जनता सुरक्षा चाहती है, लेकिन अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के बजाय केवल दावों और आश्वासनों से काम चलाया जा रहा है।

उन्होंने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही घटना के दौरान यदि किसी स्तर पर पुलिस की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए. अंत में उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाती रहेगी।

