जमशेदपुर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कालीमाटी जेम्को आजाद बस्ती में शनिवार को उत्साह, उमंग और जागरूकता के साथ योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।



योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर विद्यालय में 16 जून से 20 जून तक पांच दिवसीय विशेष योग अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। योग दिवस के मुख्य आयोजन में बच्चों ने इन योगासनों का सामूहिक प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग शारीरिक और मानसिक तनाव को दूर करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा तैयार किए गए योग विषयक आकर्षक पोस्टर एवं प्रेरणादायक स्लोगन रहे। छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए योग के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। उनके द्वारा बनाए गए पोस्टर और स्लोगन को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सभी सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका कंचन कुमारी तथा शिक्षक करनदीप सिंह, एंजेलीना तिग्गा, राकेश कुमार और रोहित आनंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बना दिया।



