जमशेदपुर : टुइलाडुंगरी स्थित गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब में शनिवार को सिख नौजवान सभा के तत्वावधान में सिख धर्म के पांचवें गुरु, धन-धन श्री गुरु अर्जन देव जी का शहीदी गुरुपर्व श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष दीवान में बड़ी संख्या में संगत ने उपस्थित होकर गुरु साहिब को श्रद्धासुमन अर्पित किए।



समारोह में दिल्ली से पधारे प्रसिद्ध कीर्तनकार भाई गुरविंदर सिंह जी गाफिल ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु चरणों से जोड़ा तथा गुरु अर्जन देव जी की शहादत के महान संदेश को विस्तार से प्रस्तुत किया। उनके भावपूर्ण कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के दौरान टिनप्लेट गुरुद्वारा साहिब के नवनिर्वाचित प्रधान सरदार सुरजीत सिंह खुशीपुर एवं उनकी नवगठित टीम का सिख नौजवान सभा, टुइलाडुंगरी की ओर से सम्मानित कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर टिनप्लेट गुरुद्वारा साहिब सिख नौजवान सभा के प्रधान सरताज सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संगत और सिख नौजवान सभा के सहयोग से गुरुद्वारा साहिब के निवास स्थल के नवीनीकरण का कार्य पूर्ण होने पर उक्त स्थान को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सुख आसन हेतु समर्पित किया गया। इस सेवा कार्य के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर संगत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
समारोह में सिख नौजवान सभा के प्रधान सरदार रणजीत सिंह, हरजीत सिंह, चरणजीत सिंह, सतवंत सिंह, अवतार सिंह खालसा, नवजोत सिंह, सनी सिंह बल, सागर सिंह, हरमन गिल, गोल्डी सिंह, राजा सिंह, वीर सिंह, शशि सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं इस्त्री सभा की प्रधान चरणजीत कौर, सुनीता कौर, सतनाम कौर और निर्मल कौर सहित बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई. धार्मिक समागम की सफलता में साध-संगत के सहयोग की सराहना करते हुए आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।



