जमशेदपुर : सामाजिक कार्यों में सक्रिय संस्था ‘प्रयत्न’ की ओर से साप्ताहिक भोजन वितरण अभियान के तहत बागबेड़ा बस्ती में बच्चों के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों के साथ समय बिताना, उनकी खुशियों में शामिल होना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों और खेलकूद का आयोजन किया। बच्चों ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान संस्था की ओर से बच्चों के बीच भोजन और चॉकलेट का वितरण किया गया. संस्था के अध्यक्ष समर झा ने कहा कि हर बच्चे का बचपन खुशियों और बेहतर अवसरों से भरा होना चाहिए। जरूरतमंद बच्चों की मुस्कान ही संस्था के प्रयासों की वास्तविक सफलता है। उन्होंने कहा कि प्रयत्न संस्था भविष्य में भी समाज के वंचित वर्गों के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए ऐसे सामाजिक प्रयास जारी रखेगी।
कार्यक्रम में बस्ती के अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्थानीय लोगों ने बच्चों के साथ खुशियां साझा करने और भोजन वितरण की इस पहल की सराहना की. कार्यक्रम को सफल बनाने में राहुल, दुर्गेश, आकाश, रवि, अंकित, भास्कर, शिबू, मधुरेश, राम, हर्ष सहित संस्था के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
