जमशेदपुर : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के टेल्को कॉलोनी मंडल अध्यक्ष देबाशीष घोष ने राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर यदि किसी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी या अनियमितता हुई है, तो उसकी निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए।

देबाशीष घोष ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी धर्म और आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार अथवा धन के दुरुपयोग को स्वीकार नहीं करती। उन्होंने कहा कि इस मामले में उठ रहे सवालों का जवाब संबंधित पक्षों को देश की जनता के सामने स्पष्ट रूप से रखना चाहिए तथा सभी वित्तीय लेन-देन का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी व्यक्ति या संस्था की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि देशवासियों की आस्था और उनके योगदान की एक-एक राशि का हिसाब देना संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी है. देबाशीष घोष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित की राजनीति के पक्ष में खड़ी रही है तथा भविष्य में भी जनता के हितों और उनकी भावनाओं की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

