जमशेदपुर : आजसू पार्टी के स्थापना दिवस एवं 22 जून को धनबाद में आयोजित होने वाली जनाक्रोश रैली की सफलता को लेकर शनिवार को निर्मल गेस्ट हाउस में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी सुप्रीमो एवं केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो का जन्मदिन केक काटकर उत्साहपूर्वक मनाया गया तथा उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।



बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि धनबाद में आयोजित स्थापना दिवस सह जनाक्रोश रैली में पूर्वी सिंहभूम जिले से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी झारखंड के युवाओं, किसानों, मजदूरों एवं बेरोजगारों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत है। जनाक्रोश रैली राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज को मजबूती प्रदान करेगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने पंचायत, प्रखंड एवं बूथ स्तर तक संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा चलाए जा रहे बीएलए-2 अभियान को युद्धस्तर पर पूरा किया जाएगा तथा आगामी 8 अगस्त को युवा आजसू के साथ मिलकर एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेता चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि आजसू पार्टी अपने संघर्ष, सिद्धांत और झारखंडी अस्मिता की विरासत के साथ एक बार फिर न्याय आंदोलन की भावना को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नए उत्साह और नई ऊर्जा के साथ जनसरोकार के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करेगी।
बैठक में सर्वसम्मति से चंद्रगुप्त सिंह को बीएलए-1 पूर्वी विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया गया। उनके सहयोग के लिए अप्पू तिवारी, आकाश सिन्हा एवं देवाशीष चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी गई।
वक्ताओं ने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा झारखंडी अस्मिता, अधिकार और विकास के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी जनता के हित में अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। सभी कार्यकर्ताओं ने धनबाद में आयोजित जनाक्रोश रैली को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, चंद्रगुप्त सिंह, कन्हैया सिंह, संजय सिंह, अप्पू तिवारी, शैलेन्द्र सिन्हा, मृत्युंजय सिंह, कृतिवास मंडल, आकाश सिन्हा, रामकृष्ण महतो, नीरज सिंह, दीपक पांडेय, मुन्ना खान, चंद्रेश्वर पांडेय, संतोष सिंह, सुधीर सिंह, ललित सिंह, बबलू सिंह, लाल सिंह सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के अनेक पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे. बैठक के अंत में जनाक्रोश रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा पार्टी सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो के जन्मदिन पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।



