जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के व्यस्त मानगो बाजार स्थित ‘कोलकाता ज्वेलर्स’ में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।



कैसे दिया घटना को अंजाम?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान की छत का टीन शेड काटकर अंदर प्रवेश किया। शातिराना ढंग से छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए चोरों ने चांदी के जेवरात और गल्ले में रखे नकद रुपये चोरी कर लिए। दुकान संचालक के अनुसार, करीब 4 किलो चांदी के गहने और नकदी की चोरी हुई है।
तिजोरी तोड़ने में रहे नाकाम
दुकान में रखे सोने के जेवरात भी चोरों के निशाने पर थे। चोरों ने बड़ी तिजोरी को तोड़ने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन वे उसे खोलने में सफल नहीं हो सके। इस कारण एक बड़ा नुकसान होने से बच गया और सोने के जेवरात सुरक्षित रहे।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस को मौके से एक पिलास (Pliers) बरामद हुआ है, जिसे सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है। मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
व्यापारियों में आक्रोश
शहर के मुख्य बाजार में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में डर और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।



