जमशेदपुर : श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, सामुदायिक विकास मैदान, छोटा गोविंदपुर के 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर शुक्रवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया गया। आचार्य रोशन जी के नेतृत्व में संपन्न हुए भूमि पूजन के साथ ही इस वर्ष होने वाले भव्य दुर्गोत्सव की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया।

समिति के लिए यह वर्ष विशेष और ऐतिहासिक है। पिछले पांच दशकों से चली आ रही आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता को आगे बढ़ाते हुए समिति इस बार स्वर्ण जयंती वर्ष को यादगार बनाने की तैयारी में जुटी है। आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर इस बार पूजा पंडाल का निर्माण पश्चिम बंगाल से आए कुशल एवं अनुभवी कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। पंडाल को विशेष काल्पनिक और आकर्षक थीम पर तैयार किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं को भव्य सजावट के साथ रचनात्मक कलाकारी और आकर्षक शिल्प देखने को मिलेगा। वहीं, मां दुर्गा की प्रतिमा भी पश्चिम बंगाल से विशेष रूप से तैयार कर मंगाई जाएगी, जिसमें बंगाल की पारंपरिक कला और कारीगरी की झलक देखने को मिलेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष सतीश सिंह, सचिव संजीव झा, कोषाध्यक्ष उमा शंकर सिंह, गणेश सिंह, वरीय उपाध्यक्ष राकेश उपाध्याय, विकास सिंह, जजमान राजेश सिंह सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे. इसके अलावा जिला परिषद सदस्य डॉ. पारितोष सिंह, आशीष राय, पवन सिंह, विजय यादव, जुगनू वर्मा, अंजय भोला सिंह, राधेश्याम, श्याम किशोर सिंह, अशोक सिंह, चंदन पांडेय, इंद्रजीत, दिनेश सिंह, विपुल, संजय, जितेंद्र, मेंडिस, धीरेंद्र, शंभू, बब्लू उपाध्याय, सौरभ, मृगेंद्र, मनीष, अखिलेश, संतोष यादव, बीरू, अनिल, प्रिंस, चंद्रभान, प्रीतम सहित गोविंदपुर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समिति के सदस्यों ने कहा कि 50वें स्वर्ण जयंती महोत्सव को पूरे क्षेत्र के लिए विशेष और यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की. भूमि पूजन के दौरान उपस्थित सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और सभी के कल्याण की प्रार्थना की।


























































