जमशेदपुर : उद्योग और शिक्षा जगत के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्रीनाथ विश्वविद्यालय, जमशेदपुर ने देश की नामी कंपनी आईबीएम के साथ बिजनेस एनालिटिक्स विषय में बीबीए एवं बी.कॉम (ऑनर्स) कार्यक्रम संचालित करने के लिए एक समझौता किया है। इस एमओयू पर श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. याह्या मजूमदार तथा आईबीएम की लीडर–अकादमिक पार्टनरशिप (ईस्ट इंडिया एवं एक्सटेंडेड कंट्रीज़) सुश्री शेफाली दत्ता ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन (प्रशासन) डॉ. जे. राजेश तथा वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के हेड डॉ. मृत्युंजय महतो भी उपस्थित रहे।



कार्यक्रम में कॉग्निटेल के निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव काबरा भी मौजूद रहे जो एक प्रतिष्ठित उद्योग विशेषज्ञ हैं तथा आईबीएम में पूर्व उपाध्यक्ष, विप्रो में पूर्व महाप्रबंधक और आईआईएम कोलकाता के पूर्व छात्र रह चुके हैं। उन्होंने वर्तमान व्यावसायिक परिवेश में उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा के महत्व पर बात की। इस साझेदारी का उद्देश्य विद्यार्थियों को बिजनेस एनालिटिक्स के क्षेत्र में उद्योगपरक और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम उपलब्ध कराना है। इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को आईबीएम के विशेषज्ञों द्वारा लेक्चर एवं प्रशिक्षण सत्र, बिजनेस एनालिटिक्स से संबंधित आधुनिक उपकरणों और तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव, आईबीएम का औद्योगिक अनुभव, आईबीएम हैकाथॉन एवं नवाचार प्रतियोगिताओं में भागीदारी तथा विभिन्न कॉर्पोरेट और अनुभव आधारित शिक्षा का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ जे राजेश ने बताया कि यह पहल जमशेदपुर में अपनी तरह की पहली उद्योग-सम्मिलित बिजनेस एनालिटिक्स शैक्षणिक पहल है, जो उच्च शिक्षा में उद्योग सहभागिता का नया मानदंड स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि यह सहयोग विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें डेटा एनालिटिक्स, बिजनेस इंटेलिजेंस और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में सफल करियर के लिए तैयार करेगा। श्रीनाथ विश्वविद्यालय वैश्विक स्तर की संस्थाओं के साथ रणनीतिक साझेदारी कर शिक्षा की गुणवत्ता और उद्योग प्रासंगिकता को सुदृढ़ करने के अपने प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। आईबीएम के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कौशल विकसित करने और बेहतर करियर अवसर प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



