जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी के सामने विश्वनाथ ज्वेलर्स में मंगलवार को दिनदहाड़े लगभग 25 लाख रुपये के सोने के जेवरात की चोरी का मामला सामने आया है। घटना सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक विश्वनाथ दत्ता के 16 वर्षीय पुत्र अभिजीत दत्ता दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक, जो पहले दिन ग्राहक बनकर आया था, दोबारा दुकान पहुंचा और सोने के गहने दिखाने को कहा। जैसे ही अभिजीत ने गहनों से भरा ड्रॉर खोला, युवक ने मौका देखकर गहनों से भरा एक बॉक्स उठाकर अपने बैग में रख लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अभिजीत को बातों में उलझाकर कुछ देर तक गुमराह किया और फिर आराम से दुकान से निकल गया। कुछ समय बाद जब अभिजीत को चोरी का एहसास हुआ, तो उसने तुरंत अपने पिता को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक विश्वनाथ दत्ता मौके पर पहुंचे और चोरी की जानकारी स्थानीय उलीडीह थाना को दी। घटना की सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
विकास सिंह ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि “मानगो क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। शायद ही कोई दिन ऐसा होता है जब अखबार अपराध की खबरों से नहीं भरा रहता।” उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्वर्ण व्यवसायी समाज सड़क पर उतरने को बाध्य होगा।
घटना के समय मौके पर राजेश साहू, दीपक दत्ता, निरंजन झा, नीरज साहू सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।



