जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलडीह ग्वाला बस्ती में बुधवार देर रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने सुनियोजित तरीके से बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये मूल्य के गहने व अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


https://www.facebook.com/share/v/1FPoHETx2M/
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने यहां रहने वाले सुशील सिंह और अवधेश सिंह के घर में घुसकर एक-एक कर कुल छह कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद घर में रखी छह अलमारियों के लॉक भी तोड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के गहने व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। बदमाशों ने मुख्य गेट का ताला भी काट दिया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सप्ताह भर से बंद था घर…..
बताया जाता है कि सुशील सिंह और अवधेश सिंह का परिवार पिछले एक सप्ताह से गोलमुरी के नामदा बस्ती स्थित अपने दूसरे आवास में रह रहा था। इस दौरान नीलडीह स्थित घर पूरी तरह बंद पड़ा था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार सुबह जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे, तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। पीड़ितों के अनुसार घर में नकदी नहीं थी, लेकिन सोने-चांदी के गहने मौजूद थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे…..
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों की पहचान का प्रयास जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल……
एक ही घर के छह कमरों और अलमारियों के ताले तोड़े जाने के बावजूद किसी को भनक न लगना स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। बस्ती के लोगों में घटना को लेकर भय का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
