जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत एयरपोर्ट के समीप बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार ब्लू कलर की रांची रजिस्टर्ड JH01 DL 8942 बलेनो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में टेंपो सवार एक महिला और एक युवक घायल हो गए। कार सवार युवक का नाम अविनाश कुमार है जो उर्थ इंडिया कंपनी में कार्यरत है। कार सवार युवर को मौके पर मौजूद लोगों ने काफी नशे की हालत में पाया और उसके कार से शराब की बोतल भी बरामद की गई जिससे यह स्पष्ट हुआ कि हादसा ड्रिंक एंड ड्राइव का नतीजा था।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन टेंपो से टकरा गया। टक्कर में टेंपो सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि टेंपो चालक ओम प्रकाश को भी चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण वहां से तुरंत टीएमएच अस्पताल रेफर कर दिया गया. कार सवार युवक को मामूली चोट लगी है, लेकिन उसकी नशे की हालत के कारण पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। घायलों का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है, साथ ही कार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।



