सिमडेगा। सिमडेगा पुलिस ने नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने और प्रसव से जुड़े मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के आंगन में दफन किए गए मृत शिशु को भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को सदर अस्पताल, सिमडेगा में पीड़िता की मां ने पुलिस के समक्ष फर्दबयान दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी के गर्भवती होने की जानकारी करीब 10 दिन पहले मिली थी। पूछताछ में एक नाबालिग लड़के द्वारा गर्भधारण के संबंध में जानकारी दिए जाने की बात सामने आई।

आरोप है कि नाबालिग लड़की को गर्भपात कराने के उद्देश्य से आरोपी महिला गुड़िया देवी ने कथित रूप से जड़ी-बूटी की दवा खिलाई और मामले की जानकारी किसी को नहीं देने के लिए कहा। इसके बाद करीब छह माह के मृत शिशु को जन्म देने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला मृत शिशु को बिना किसी को सूचना दिए अपने साथ ले गई थी।
नाबालिग की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने 22 अगस्त को उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 21/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 40 वर्षीय नामजद अभियुक्ता गुड़िया देवी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घर के आंगन से दफन मृत शिशु को बरामद किया। घटनास्थल से कथित रूप से इस्तेमाल की गई कुदाल भी जब्त की गई है। पुलिस ने बरामदगी के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी महिला को 23 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सिमडेगा पुलिस ने अपील की है कि नाबालिगों से संबंधित किसी भी आपराधिक गतिविधि, शोषण या उत्पीड़न की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात पुलिस ने कही है।



























































