रांची : राजधानी रांची में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रांची पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। सदर (मेसरा) थाना क्षेत्र के जुमार पुल बस स्टैंड के पास से पुलिस ने प्रतिबंधित ब्राउन शुगर के साथ एक कुख्यात महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला के पास से कुल 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर (अनुमानित बाजार मूल्य करीब पांच लाख रुपये), एक मोबाइल फोन और 20,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक के कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिनांक 16.08.2026 को वरीय पदाधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक महिला भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) लेकर बस द्वारा रांची आ रही है और वह जुमार पुल बस स्टैंड के पास उतरकर शहर की ओर जाने वाली है। इस सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक, सदर, रांची के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जुमार पुल बस स्टैंड के पास जाल बिछाया।
ऑटो से उतरकर भागने की कोशिश
दोपहर करीब 15:10 बजे, छापामारी दल ने देखा कि जुमार पुल के पास एक महिला ऑटो में अकेली बैठी है। पुलिस को अपनी ओर आते देख वह घबराकर ऑटो से उतरकर भागने का प्रयास करने लगी। हालांकि, दल में शामिल महिला चौकीदार के सहयोग से उसे तुरंत दबोच लिया गया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम मुन्नी देवी (पति- बाबला राम, उम्र- करीब 43 वर्ष, निवासी- देवी मंडप के पास, कोकर बाजार, जतराटांड़, थाना- सदर, जिला- रांची) बताया।
विधिवत तलाशी और बरामदगी
पुलिस उपाधीक्षक, सदर की उपस्थिति में महिला चौकीदार की मदद से मुन्नी देवी की विधिवत तलाशी ली गई। उसके हैंडबैग से निम्नलिखित सामग्रियां बरामद हुईं:
- अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर): प्लास्टिक सहित कुल वजन 89.32 ग्राम, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹5,00,000/- है।
- मोबाइल फोन: आई-टेल कंपनी का एक काला की-पैड मोबाइल (जिसमें जियो का सिम और दो IMEI नंबर दर्ज हैं)।
- नकद रुपये (कुल ₹20,000/-):
- ₹500 के 6 नोट = ₹3,000/-
- ₹200 के 35 नोट = ₹7,000/-
- ₹100 के 100 नोट = ₹10,000/-
पूछताछ में आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि वह रांची जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) की खरीद-बिक्री करती है। इस संबंध में सदर (मेसरा) थाना कांड संख्या- 384/26, दिनांक 16.08.2026, धारा- 21(B)/22(B)/23/29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुराना आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार महिला मुन्नी देवी का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सदर थाने में पहले से दो गंभीर मामले दर्ज हैं:
- सदर थाना काण्ड सं०-496/2024, दिनांक 22.11.2024 (भा.न्या.सं. की विभिन्न धाराओं के तहत)।
- सदर थाना काण्ड सं०-632/2025, दिनांक 30.12.2025 (भा.न्या.सं. एवं एनडीपीएस एक्ट)।
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली टीम में निम्नलिखित अधिकारी और बल शामिल रहे:
- निखिल रॉय, सहायक पुलिस अधीक्षक, कोतवाली, रांची।
- संजीव कुमार बेसरा, पुलिस उपाधीक्षक सदर, रांची।
- कुलदीप कुमार, पु०नि० सह थाना प्रभारी, सदर थाना।
- सनोज कुमार चौधरी, पु०नि० सह थाना प्रभारी, कोतवाली थाना।
- पु०अ०नि० सह ओ०पी० प्रभारी (मेसरा), अजय कुमार दास।
- पु०अ०नि० बसंत कुमार (मेसरा ओ०पी०)।
- पु०अ०नि० बजरंग टोप्पो (सुखदेवनगर थाना)।
- पु०अ०नि० दीपक राणा (सदर थाना)।
- पु०अ०नि० मीन केतन (कोतवाली थाना)।
- पु०अ०नि० बबलु बेसरा (सुखदेवनगर थाना)।
- स०अ०नि० मो० जुल्फिकानर (मेसरा ओ०पी०)।
- आरक्षी 49 जैकब मुर्मू, चा०आ०/3603 सलामत अंसारी एवं म०चौ० 2/6 कृति मुण्डा (मेसरा ओ०पी०)।



























































