जमशेदपुर : देश के सार्वजनिक प्रसारण माध्यम आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी, जमशेदपुर एवं नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में विशेष आशु भाषण (एक्सटेम्पोर स्पीच) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय समाज, संस्कृति, शिक्षा तथा राष्ट्र निर्माण में आकाशवाणी की नौ दशकों की भूमिका को रेखांकित करना था।



प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया और “भारत के विकास में आकाशवाणी की भूमिका” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने सूचना प्रसार, ग्रामीण विकास, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में आकाशवाणी के योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में आकाशवाणी जमशेदपुर के कार्यक्रम प्रमुख राजेश कुमार राय, कार्यक्रम अधिशासी राकेश रमन एवं विवेक आदित्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में राकेश रमन ने कहा कि आकाशवाणी केवल प्रसारण संस्था नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामूहिक स्मृतियों की सशक्त आवाज रही है। वहीं राजेश कुमार राय ने कहा कि आकाशवाणी ने देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक सूचना और शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा आज भी इसकी विश्वसनीयता बरकरार है। विवेक आदित्य ने भारतीय भाषाओं, लोक कलाओं और सांस्कृतिक विविधताओं के संरक्षण में आकाशवाणी के योगदान को उल्लेखनीय बताया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने आकाशवाणी को 90 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक इस संस्था ने जनजागरण और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पानी ने कहा कि आकाशवाणी ने सूचना, शिक्षा और मनोरंजन के माध्यम से समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने मीडिया विद्यार्थियों के लिए इसकी निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व को आदर्श बताया। कार्यक्रम के दौरान कुलपति ने अतिथियों को सम्मानित भी किया तथा भविष्य में विश्वविद्यालय और आकाशवाणी के बीच शैक्षणिक एवं व्यावसायिक सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कुलसचिव नागेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोइज़ अशरफ, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा, डीन एकेडमिक्स अभिनव कुमार, डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. राकेश कुमार समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष दीपिका कुमारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
प्रतियोगिता के विजेता
प्रथम : अदिना फ़ातिमा (अंग्रेजी विभाग)
द्वितीय : प्रतीक झा (विधि विभाग)
तृतीय : लक्ष्मी सतपति (पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग)



