JAMSHEDPUR : जमशेदपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहाँ एक बालू लदी 407 ट्रक ने सड़क किनारे खड़े चार बाइक, एक बलेनो कार और एक बाउंड्री वॉल को जोरदार टक्कर मार दी। घटना इतनी भयावह थी कि धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। घटना देर रात की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक नशे में धुत था और बेहद तेज गति से बिरसानगर बस्ती के रास्ते से गुजर रहा था। अनियंत्रित ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़ी चार बाइकों को रौंदा, फिर एक बाउंड्री वॉल को तोड़ते हुए बलेनो कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

इस दुर्घटना से आक्रोशित स्थानीय लोग सुबह से ही मुआवजे की मांग को लेकर बिरसानगर मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपी चालक और ट्रक मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि यह सड़क बालू माफियाओं का मुख्य रास्ता है, जहाँ से अवैध बालू की तस्करी शहर के भीतर की जाती है।
1. कार का मालिक:
“मैं घर के अंदर था, तभी अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज आई। बाहर आकर देखा तो मेरी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। ट्रक चालक को जरा भी होश नहीं था और वह गाड़ी छोड़कर भाग निकला। प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”
2. मकान मालिक (जिसकी बाउंड्री वॉल टूटी):
“ट्रक की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि उसने मेरी बाउंड्री वॉल को मिट्टी की तरह ढहा दिया। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हमें मुआवजे के साथ-साथ इस रास्ते पर बालू माफियाओं की आवाजाही पर रोक चाहिए।”
3. बाइक का मालिक:
“मेरी बाइक सड़क किनारे सही तरीके से पार्क थी। उस नशेड़ी ड्राइवर ने मेरी मेहनत की कमाई को एक पल में चकनाचूर कर दिया। हम तब तक सड़क से नहीं हटेंगे जब तक हमें उचित मुआवजा नहीं मिलता और आरोपी पकड़ा नहीं जाता।”
