मैनपुरी : राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर वृंदावन जा रहे मैनपुरी के श्रद्धालुओं की पिकअप मंगलवार तड़के हरियाणा के पलवल में KMP एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं. हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद पिकअप के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और कई श्रद्धालु वाहन से उछलकर सड़क पर जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को पलवल के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

झपकी आने से हादसे की आशंका…….
पुलिस की शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की वजह से हादसा होने की आशंका जताई गई है। बताया गया कि पिकअप को लोहे के सरिए और जाल लगाकर डबल डेकर बनाया गया था, जिससे वाहन की ऊंचाई भी बढ़ गई थी।
खाटू श्याम और बालाजी के दर्शन के बाद निकले थे……
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के किशनपुर मुरैया, मकोया और चांदा गांव के 21 लोगों ने रक्षाबंधन पर धार्मिक अनुष्ठान के लिए पिकअप किराये पर ली थी। श्रद्धालुओं ने सोमवार शाम राजस्थान के खाटू श्याम और बालाजी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वृंदावन जाने के लिए देर रात रवाना हुए थे. मंगलवार तड़के पलवल जिले में KMP एक्सप्रेस-वे पर पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
छह की मौत, 14 घायल……
मृतकों की पहचान विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश के रूप में हुई है। घायलों में सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी शामिल हैं। सभी का पलवल के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है. हादसे के बाद ट्रक चालक और पिकअप चालक सुधीर के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से हादसे की जानकारी ली। मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
