जमशेदपुर : मानगो इलाके में एक तेज रफ्तार बस ने बुधवार को जमकर तबाही मचा दी। जमशेदपुर से बिहार की ओर जा रही बस सिन्धी होटल के पास अनियंत्रित होकर एक घर और दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब पांच लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। वहीं, आसपास खड़े कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर BR 46 Q 1439 बताया जा रहा है। चालक के फरार होने से स्थानीय लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।

हादसे के बाद सड़क पर उतरे लोग…..
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और बस को घेर लिया। लोगों ने फरार चालक की तत्काल गिरफ्तारी और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिहायशी इलाके में बेलगाम रफ्तार और लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने के साथ दुर्घटना की जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की सूचना है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।