जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मनीफिट गणेश पूजा मैदान के आसपास रहने वाले बस्तीवासियों ने उपायुक्त को सामूहिक शिकायत पत्र सौंपकर इलाके में फैली आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।

बस्तीवासियों ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि स्थानीय असामाजिक तत्व, जिनमें प्रमुख रूप से रिशु गुप्ता, राहुल गुप्ता और रोहन गुप्ता (पिता राम गुप्ता) शामिल हैं, लगातार अपराधपूर्ण कृत्यों को अंजाम दे रहे हैं। इनके कुकृत्यों से पूरे इलाके में भय, असुरक्षा और अशांति का माहौल व्याप्त है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ये लोग नशाखोरी को बढ़ावा दे रहे हैं। बाहरी लड़कों को बुलाकर उन्हें शराब, ब्राउन शुगर और गांजा की लत लगाई जा रही है। साथ ही अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार भी खुलेआम किया जा रहा है। विरोध करने वालों पर हमला, गाली-गलौज और धमकी दी जाती है। गाड़ियों के शीशे तोड़ने और हथियार लहराकर आतंक फैलाने की घटनाएं आम हो गई हैं।

व्यापारी वर्ग से रंगदारी मांगने की शिकायत भी की गई है। पत्र में उल्लेख है कि रिशु गुप्ता पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है और उस पर कई मामले दर्ज हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

बस्तीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इन अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, नशे के कारोबार पर रोक लगाई जाए, बस्ती में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाए और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि इन आपराधिक गतिविधियों के कारण बच्चों और युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है तथा आमजन सुरक्षित जीवन जीने से वंचित हो रहे हैं।

इस सामूहिक शिकायत की प्रतिलिपि टाटा स्टील लैंड डिपार्टमेंट, वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, विधायक पूर्णिमा दास साहू, जिला दंडाधिकारी धालभूम और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी को भी भेजी गई है। बस्तीवासियों ने स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
