जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के कालियाडीह स्थित कैनाल में 26 जुलाई को नग्न अवस्था में मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ी सुनियोजित हत्या का निकला। शादी का दबाव बनने पर प्रेमी ने महिला की पानी में डुबोकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने व घटना को दूसरा रूप देने के उद्देश्य से शव के कपड़े उतारकर कैनाल में बहा दिया।

![]()
रविवार को सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी दासमत बास्के, निवासी पोटका, ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली है। आरोपी के विरुद्ध परसुडीह थाना में हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार, मृतका किरण देवी (45), जुगसलाई थाना क्षेत्र के बंगालीपाड़ा की रहने वाली थीं। उनका पति उन्हें छोड़ चुका था और वह अपने मायके में रह रही थीं। इसी दौरान उनकी पहचान दासमत बास्के से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। कुछ समय बाद महिला आरोपी पर शादी का दबाव बनाने लगी, लेकिन आरोपी विवाह नहीं करना चाहता था। इससे छुटकारा पाने के लिए उसने हत्या की साजिश रची।
पुलिस जांच में सामने आया कि 25 जुलाई को आरोपी महिला को स्कूटी से कालियाडीह कैनाल लेकर गया, जहां उसने पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने और मामले को भटकाने के इरादे से महिला के कपड़े उतार दिए और शव को कैनाल में बहा दिया. गौरतलब है कि 26 जुलाई को परसुडीह पुलिस ने कैनाल से अज्ञात महिला का नग्न शव बरामद किया था। प्रारंभिक तौर पर यूडी (अप्राकृतिक मौत) का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। बाद में शव की पहचान किरण देवी के रूप में हुई। वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंचकर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
