जमशेदपुर : झारखंड में हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव के बाद प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है। यह बात जोहार जनसेवक पार्टी के नेता एवं अधिवक्ता जयराम दास ने कही. उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव के बाद झारखंड के राजनीतिक समीकरणों में उलटफेर देखने को मिल सकता है। आने वाले समय में विभिन्न दलों के बीच नए गठबंधन और राजनीतिक पुनर्संरचना की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता।



जयराम दास ने बताया कि उनकी पार्टी जोहार जनसेवक पार्टी वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में राज्य की लगभग 45 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। इसके लिए संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को तेज किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पार्टी वर्ष 2027 में होने वाले पंचायत चुनाव में भी सक्रिय भागीदारी करने की रणनीति बना रही है। पंचायत स्तर से संगठन को मजबूत कर जनता के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में जनसेना पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि उस समय के राजनीतिक हालात और चुनावी समीकरण क्या रूप लेंगे, यह भविष्य की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। फिर भी समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने की दिशा में प्रयास जारी रहेगा. जयराम दास ने दावा किया कि उनकी पार्टी झारखंड में वैकल्पिक राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरने की दिशा में कार्य कर रही है और जनता के विश्वास को हासिल करने के लिए निरंतर संघर्षरत है।



