जमशेदपुर : अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ की ओर से टुइलाडुंगरी स्थित गुरुद्वारा हॉल में गोंड साम्राज्य की रक्षक वीरांगना रानी दुर्गावती जी का शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष श्री दिनेश साह जी ने की।

भवन निर्माण का आश्वासन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय जी के प्रतिनिधि बबलू कुमार सिंह ने समाज को भरोसा दिलाया कि गोंड समाज के सामुदायिक भवन निर्माण का कार्य बहुत जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
अध्यक्ष दिनेश साह पुनः पांच वर्षों के लिए मनोनीत
इस अवसर पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष गुरुचरण नायक ने दिनेश साह की सेवाओं और उनके नेतृत्व की सराहना की। उन्हें अगले पांच वर्षों के लिए अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ के अध्यक्ष पद पर पुनः मनोनीत करते हुए नियुक्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रानी दुर्गावती के साहस को किया याद
कार्यक्रम में वक्ताओं ने वीरांगना रानी दुर्गावती के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोंड समाज के मान-सम्मान के लिए उनका आत्म-बलिदान इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। वक्ताओं ने कहा कि उनके साहस की गाथा हमें हर पीढ़ी को सुनानी चाहिए।
इनकी रही सक्रिय भागीदारी
इस गरिमामयी कार्यक्रम में मदन साह, गणेश साह, मुन्ना प्रसाद, रामेश्वर प्रसाद, मुन्ना लाल, राम शुभक प्रसाद, किशोर साह, उमेश साह, मनोज प्रसाद के साथ-साथ महिला समिति की श्रीमती नीतू कुमारी, मंजू देवी, अंजू देवी, हीरा देवी, अंबे ठाकुर, भगवंती मरकाम, माला कुमारी, चंपा देवी सहित काफी संख्या में महिला, पुरुष और युवा शामिल हुए। अंत में सभी अतिथियों को सम्मानित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

