जमशेदपुर : साकची स्थित बसंत टॉकीज सब्जी मंडी में एक सब्जी विक्रेता ने ईमानदारी और मानवता की मिसाल पेश की है। मंडी में एक महिला का खोया हुआ सोने का आभूषण मिलने के बाद विक्रेता ने उसे अपने पास रखने के बजाय साकची पुलिस को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, साकची के बसंत टॉकीज के पास स्थित सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान एक महिला का सोने का आभूषण कहीं गिर गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब आभूषण नहीं मिला, तो महिला ने साकची थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

इसी बीच मंडी में सब्जी बेचने वाले अहमद हामिद को वह सोने का आभूषण मिला। आभूषण की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। अहमद हामिद ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बुधवार को आभूषण साकची पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस अब आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आभूषण को उसकी असली मालिक तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। अहमद हामिद की इस सराहनीय पहल की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है और लोग उनकी ईमानदारी को दूसरों के लिए प्रेरणादायक बता रहे हैं।

