देवघर : एम्स देवघर ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान में पहली बार ओपन हार्ट सर्जरी को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया है। यह जटिल ऑपरेशन विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक कुशल टीम के मार्गदर्शन में किया गया, जिससे क्षेत्र के मरीजों को अब बड़े शहरों की ओर रुख करने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी।

संताल परगना के लिए वरदान :
अब तक ओपन हार्ट सर्जरी जैसी जटिल प्रक्रियाओं के लिए संताल परगना के मरीजों को राज्य से बाहर जाना पड़ता था, जिसमें न केवल समय अधिक लगता था, बल्कि आर्थिक बोझ भी पड़ता था। एम्स देवघर में इस सुविधा की शुरुआत होने से स्थानीय और आसपास के जिलों के मरीजों को बड़ी राहत मिली है। संस्थान के निदेशक और डॉक्टरों की पूरी टीम को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह सुविधा आने वाले समय में हजारों हृदय रोगियों के लिए जीवन रक्षक साबित होगी।

