जमशेदपुर : सेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए प्रयत्न संस्था ने रविवार को अपने साप्ताहिक भोजन वितरण अभियान के तहत एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान बिष्टुपुर स्थित रोटरी शेल्टर होम में रह रहे कैंसर पीड़ितों एवं उनके परिजनों के बीच निःशुल्क भोजन का वितरण किया गया. संस्था की ओर से आयोजित इस सेवा कार्य का उद्देश्य केवल मरीजों और उनके परिजनों को भोजन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें यह एहसास कराना भी था कि समाज उनके कठिन समय में उनके साथ खड़ा है। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरित कर सेवा और संवेदनशीलता का परिचय दिया।

इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधि समर झा ने कहा कि अस्पतालों में इलाज करा रहे कई मरीज और उनके परिजन दूर-दराज के क्षेत्रों से आते हैं। ऐसे में उन्हें समय पर भोजन उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे उन्हें अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रयत्न संस्था का यह छोटा-सा प्रयास उनके चेहरे पर मुस्कान लाने और उनके संघर्ष को कुछ हद तक आसान बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है। उन्होंने बताया कि यह सेवा अभियान प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जुगुन पांडे, अंकित सिंह, दुर्गेश शर्मा, रौशन कुमार, राहुल कुमार, मधुरेश, आकाश, शिबू, रवि, हर्ष, अभिनीत, मनीष समेत संस्था के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था के इस मानवीय प्रयास की उपस्थित लोगों ने सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
