रांची : रांची स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम काम्प्लेक्स में आयोजित JT20 टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए रविवार को दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम के वेस्ट गेट पर अचानक अफरा-तफरी मच गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। भीड़ के दबाव के कारण प्रवेश व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और कई लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अव्यवस्था और लंबी कतारों से नाराज कुछ दर्शकों ने वेस्ट गेट को नुकसान पहुंचाया, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। घटना में घायल तीन लोगों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जिनमें एक युवक और दो युवतियां शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है तथा स्टेडियम परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और भगदड़ के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

