जमशेदपुर : हिल व्यू कॉलोनी डिमना के निवासियों की वर्षों पुरानी सामुदायिक भवन की मांग अब पूरी होने की दिशा में बढ़ती नजर आ रही है। बुधवार सुबह करीब 10:45 बजे टाटा स्टील के भू-विभाग (लैंड डिपार्टमेंट) और अर्बन सिटी रोड एंड बिल्डिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कॉलोनी में प्रस्तावित सामुदायिक भवन के लिए स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति के अध्यक्ष सौरभ विष्णु और उनकी टीम के साथ संभावित स्थल को लेकर चर्चा की।

बताया गया कि 10 जून 2026 को टाटा स्टील के बिष्टुपुर स्थित कॉरपोरेट कार्यालय में हुई बैठक में सौरभ विष्णु ने कॉलोनीवासियों की ओर से सामुदायिक भवन की जरूरत का मुद्दा उठाया था। इसके बाद समिति की ओर से कंपनी प्रबंधन को औपचारिक पत्र सौंपा गया, जिसके बाद स्थल निरीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ी. गौरतलब है कि कॉलोनी के निवासी पिछले कई महीनों से पेयजल, फॉगिंग, नाला सफाई और कचरा उठाव जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। इन्हीं मांगों को लेकर 23 अगस्त को धरना-प्रदर्शन भी किया गया था। ऐसे में सामुदायिक भवन के लिए स्थल निरीक्षण को कॉलोनीवासियों के लगातार प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
समिति अध्यक्ष सौरभ विष्णु ने कहा कि सामुदायिक भवन बच्चों के कार्यक्रम, महिला समूहों की बैठक और बुजुर्गों के सामाजिक मेलजोल के लिए उपयोगी होगा। उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि आगे की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी समिति के अनुसार, आगे की प्रक्रिया और संभावित समय-सीमा को लेकर टाटा स्टील प्रबंधन के साथ पत्राचार जारी है। समिति ने स्पष्ट किया कि यह पहल पूरी तरह सामुदायिक जरूरत पर आधारित है और इसका किसी राजनीतिक दल या राजनीतिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।
